Fact Check
पीएम मोदी ने नहीं की कांग्रेस की तारीफ, एडिटेड वीडियो फर्जी दावे के साथ वायरल
पीएम नरेंद्र मोदी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मोदी कह रहे हैं कि ‘तोड़ो और राज करो ये हमारी परंपरा है, जोड़ो और विकास करो ये कांग्रेस की परंपरा है।’ इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी ने पहली बार सच बोला है। ट्विटर पर कई यूजर्स ने वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया कि पहली बार पीएम नरेंद्र मोदी ने सच बोला है।

(आर्काइव लिंक)
कई फेसबुक यूजर्स ने भी वायरल वीडियो को उक्त दावे के साथ शेयर किया है।

Fact Check/Verification
दावे की सत्यता जानने के लिए हमने वायरल वीडियो को Invid टूल की मदद से कुछ कीफ्रेम में बदला। इसके बाद एक कीफ्रेम को Yandex रिवर्स सर्च किया। हमें ANI द्वारा 3 अप्रैल 2014 को किया गया एक ट्वीट मिला। ट्वीट में मौजूद तस्वीर में नरेंद्र मोदी के कपड़े और पीछे का बैकग्राउंड वही है, जो वायरल वीडियो में नज़र आ रहा है। ट्वीट के कैप्शन में लिखा है कि नरेंद्र मोदी ने कहा “कांग्रेस की धर्म निरपेक्षता है बांटो और राज करो। हमारी विचारधारा है कि एकजुट हों, एकीकृत हों और राष्ट्र के लिए काम करें।”
पड़ताल के दौरान हमें Economic Times द्वारा अप्रैल 2014 में प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के अनुसार, भाजपा के प्रधानमंत्री के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने यूपी के गाजियाबाद में एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस की जमकर आलोचना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस की धर्मनिरपेक्षता बांटों और राज करो वाली है, जबकि हम कहते हैं कि एकजुट और एकीकृत होकर राष्ट्र के लिए कार्य करें।
पड़ताल के दौरान हमे नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के यूट्यूब चैनल पर 03 अप्रैल 2014 को अपलोड किया एक वीडियो मिला। इसमें मोदी को 13 मिनट 08 सेकेंड पर ये कहते सुना जा सकता है, “तोड़ो और राज करो ये कांग्रेस की परंपरा है, जोड़ो और विकास करो ये हमारी परंपरा है।” इस तरह स्पष्ट है कि नरेंद्र मोदी के आठ साल पुराने वीडियो से छेड़छाड़ की गई है।
यह भी पढ़ें: क्या युवाओं पर लाठियां बरसते देख मुस्कुरा दिए शिवराज सिंह चौहान? फर्जी है ये वीडियो
Conclusion
इस तरह हमारी पड़ताल में यह साबित हो जाता है कि नरेंद्र मोदी के आठ साल पुराने वीडियो को एडिट कर फर्जी दावा शेयर किया जा रहा है। उस वक्त नरेंद्र मोदी गुजरात के तत्कालीन सीएम और भाजपा के पीएम कैंडिडेट थे।
Result: Altered Video
Our Sources
Tweet by ANI in April 2014
Report by The Economic Times in April 2014
Video by Narendra Modi Youtube Channel in April 2014
किसी संदिग्ध ख़बर की पड़ताल, संशोधन या अन्य सुझावों के लिए हमें WhatsApp करें: 9999499044 या ई-मेल करें: checkthis@newschecker.in