Fact Check
क्या राहुल गांधी बाइक पर सवार होकर कर रहे हैं भारत जोड़ो यात्रा? पांच साल पुरानी है ये फोटो
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर पार्टी की तरफ से कहा गया था कि राहुल गांधी पूरी यात्रा के दौरान पैदल चलेंगे. लेकिन क्या राहुल अब इस यात्रा को पूरी करने के लिए बाइक का इस्तेमाल कर रहे हैं? सोशल मीडिया पर एक तस्वीर के जरिए कुछ ऐसा ही दावा किया जा रहा है. तस्वीर में राहुल गांधी बाइक पर एक व्यक्ति के साथ पीछे बैठे नजर आ रहे हैं. साथ ही फोटो में कुछ पुलिसकर्मियों को भी देखा जा सकता है, जो राहुल का हाथ पकड़े हुए हैं.
तस्वीर के साथ तंज कसते हुए कहा जा रहा है कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा बाइक पर कर रहे हैं और लोगों को बेवकूफ बना रहे हैं. इस तरह के कैप्शन के साथ ये तस्वीर ट्विटर और फेसबुक पर काफी वायरल है.


Fact Check/Verification
गूगल रिवर्स सर्च करने पर हमें ये तस्वीर मध्य प्रदेश में कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री जीतू पटवारी के एक ट्वीट में मिली. उन्होंने इस तस्वीर को 19 जून 2017 को ट्विटर पर पोस्ट किया था. सच्चाई यहीं सामने आ जाती है कि तस्वीर सालों पुरानी है, न कि भारत जोड़ो यात्रा की. कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर 2022 को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी.
कुछ कीवर्ड्स की मदद से खोजने पर हमें इस तस्वीर को लेकर कई खबरें भी मिलीं. दरअसल, जून 2017 में मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में पुलिस गोलीबारी में पांच किसानों की मौत हो गई थी. इस घटना को लेकर उस समय काफी बवाल हुआ था.
इसी के चलते राहुल गांधी किसानों के परिवार वालों से मिलने बाइक पर सवार होकर मंदसौर जा रहे थे. लेकिन प्रशासन ने उन्हें मंदसौर के पास ही नीमच में हिरासत में ले लिया था. वायरल तस्वीर इसी समय की है. फोटो को कांग्रेस ने भी ट्वीट किया था.
यह भी पढ़ें…रणवीर-दीपिका की एडिटेड तस्वीर शेयर कर सोशल मीडिया पर उठी बॉलीवुड को बायकॉट करने की मांग
Conclusion
हमारी पड़ताल में यह बात स्पष्ट हो जाती है कि राहुल गांधी की यह तस्वीर पांच साल से ज्यादा पुरानी है. तस्वीर को भारत जोड़ो यात्रा से जोड़कर भ्रामक दावा किया जा रहा है.
Result: Missing Context
Our Sources
Tweet of Jitu Patwari, posted on June 19, 2017
Report of Amar Ujala, published on June 08, 2017
Tweet of Congress, posted on June 09, 2017
किसी संदिग्ध ख़बर की पड़ताल, संशोधन या अन्य सुझावों के लिए हमें WhatsApp करें: 9999499044 या ई-मेल करें: checkthis@newschecker.in