Fact Check
क्या कांग्रेस नेता ने मंच पर किया महिला कार्यकर्ता का अपमान? कांग्रेस विधायक की पत्नी का वीडियो गलत सन्दर्भ के साथ वायरल
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा कि कांग्रेस नेता महिला का अपमान करते हैं। वीडियो में एक मंच पर माला पहने हुए एक व्यक्ति खड़ा है और वह अपने बगल में खड़ी एक महिला को माला पहनाता है और उससे हाथ मिलाता हुआ नज़र आ रहा है।


Fact Check/Verification
दावे की सत्यता जानने के लिए हमने ‘Congress leader woman garland’ कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च किया। हमें Lastely की वेबसाइट पर 9 जनवरी को छपी एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के अनुसार, वीडियो में माला पहने दिख रहे व्यक्ति ओडिशा के जेयपोर से कांग्रेस विधायक तारा प्रसाद बाहिनीपति हैं। उन्होंने ओडिशा में एक कार्यक्रम के दौरान अपनी पत्नी मिनाखी बाहिनीपति को फ्लाइंग किस किया था।
इसकी मदद से हमने ओडिया भाषा में कुछ कीवर्ड की मदद से फेसबुक पर सर्च किया। हमें Sambalpuri News Bigul TV के फेसबुक पेज पर 29 दिसंबर 2022 को अपलोड किया गया एक वीडियो मिला। इसमें वायरल वीडियो का अंश मौजूद है। वीडियो में ओडिया भाषा में दी गई जानकारी के अनुसार, विधायक ताराप्रसाद ने स्टेज पर अपनी पत्नी को फ्लाइंग किस दिया।
इसके अलावा, हमने विधायक ताराप्रसाद की फेसबुक प्रोफाइल को भी खंगाला। हमें उनकी प्रोफाइल पर बीते 28 दिसंबर को किया गया एक पोस्ट मिला। पोस्ट में दी गई जानकारी के मुताबिक, उन्होंने कांग्रेस पार्टी के 73वें स्थापना दिवस के मौके पर एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। इस पोस्ट में वायरल वीडियो भी मौजूद है।
हमने मीडिया रिपोर्ट में मौजूद ताराप्रसाद की पत्नी मिनाखी बाहिनीपति की तस्वीर और वायरल वीडियो में मौजूद महिला की तस्वीर का तुलनात्मक विश्लेषण किया, जिससे स्पष्ट है कि वीडियो में नजर आ रही महिला विधायक की पत्नी ही हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले साल 2019 में कांग्रेस विधायक ताराप्रसाद बाहिनीपति ने स्पीकर को ‘फ्लाइंग किस’ दिया था। अमर उजाला की एक रिपोर्ट के अनुसार, विधायक ताराप्रसाद ने विधानसभा में बोलने की अनुमति मिलने के बाद अध्यक्ष एस एन पात्रो को ‘फ्लाइंग किस’ दिया। इस घटना के बाद पूरा सदन ठहाकों की आवाज से गूंज उठा।
यह भी पढ़ें: रिक्शा चालक की पुरानी तस्वीर हालिया दिनों का बताकर हुई वायरल
Conclusion
हमारी पड़ताल में यह स्पष्ट है कि कांग्रेस विधायक ताराप्रसाद के वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। वीडियो में नज़र आ रही महिला उनकी पत्नी मिनाखी बाहिनीपति हैं।
Result: Missing Context
Our Sources
Report from Lastely
Facebook Post from Sambalpuri News
Facebook Post from Congress MLA Taraprasad Bahinipati
किसी संदिग्ध ख़बर की पड़ताल, संशोधन या अन्य सुझावों के लिए हमें WhatsApp करें: 9999499044 या ई-मेल करें: checkthis@newschecker.in