Fact Check
बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी को लेकर नहीं कही यह बात, एडिटेड वीडियो गलत दावे के साथ वायरल
Claim
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बीजेपी का मतलब बलात्कार बताया है।

Fact
दावे की सत्यता जानने के लिए हमने कुछ कीवर्ड की मदद से यूट्यू्ब पर सर्च किया। हमें JP Nadaa नामक यूट्यूब चैनल पर 12 जनवरी को अपलोड किया गया एक वीडियो मिला। वीडियो में वायरल वीडियो से मिलते-जुलते दृश्य नज़र आ रहे हैं। मिसाल के तौर पर जेपी नड्डा के सिर पर बंधी पगड़ी का रंंग दोनों वीडियो में एक जैसा है और उनके सामने रखे फूल भी दोनों वीडियो में एक हैं। वीडियो के साथ दी गई जानकारी के मुताबिक, जेपी नड्डा ने त्रिपुरा के अगरतला में एक जनसभा को संबोधित किया।

वीडियो में 21 मिनट 18 सेकेंड से जेपी नड्डा को बोलते हुए सुना जा सकता है, “आपको अगर बीजेपी को याद करना है तो उसके साथ-साथ सीपीएम को भी याद करना होगा। याद रखो सीपीएम की सरकार मतलब बलात्कार, सीपीएम की सरकार मतलब बंद, सीपीएम की सरकार मतलब हड़ताल, सीपीएम की सरकार मतलब नारेबाजी। सीपीएम की सरकार यानी इंप्लॉयी के द्वारा इंप्लॉयी से लेवी लेना। सीपीएम की सरकार मतलब महंगा चंदा इकट्ठा करना, सीपीएम की सरकार इसका मतलब राजनीतिक दृष्टि से लोगों को समाप्त करना, सीपीएम की सरकार मतलब अपने विरोधियो की घर में घुसकर जीवन लीला समाप्त करना। ये होता है सीपीएम की सरकार। बीजेपी की सरकार मतलब हाई-वे, बीजेपी की सरकार मतलब इंटरनेट, बीजेपी की सरकार मतलब रेलवे, बीजेपी की सरकार मतलब एयरवेज, बीजेपी की सरकार यानी हॉस्पिटल, बीजेपी की सरकार मतलब भ्रष्टाचार मुक्त और विकास युक्त सरकार। ये हमको समझना होगा।”
हमें बीजेपी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी जेपी नड्डा की अगरतला में 12 जनवरी को हुई रैली का वीडियो मिला। इसमें भी उन्हें सीपीएम की सरकार मतलब बलात्कार कहते सुना जा सकता है।
पड़ताल के दौरान हमें अमर उजाला द्वारा 12 जनवरी को प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के अनुसार, जेपी नड्डा अगरतला में जन विश्वास यात्रा के समापन समारोह में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सीपीएम की सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने सीपीएम की सरकार का मतलब बलात्कार, बंद और हड़ताल बताया।
कुल मिलाकर, हमारी पड़ताल में स्पष्ट है कि जेपी नड्डा के भाषण का एडिटेड वीडियो गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
Result: Altered Media
Our Sources
Youtube Video by channel JP Nadda
Youtube Video uploaded by BJP
Report Published by Amar Ujala
किसी संदिग्ध ख़बर की पड़ताल, संशोधन या अन्य सुझावों के लिए हमें WhatsApp करें: 9999499044 या ई-मेल करें: checkthis@newschecker.in