Fact Check
क्या महाराष्ट्र की राजनीतिक उठापटक के बीच रो दिए संजय राउत? भ्रामक है यह दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि महाराष्ट्र की राजनीति में चल रही उठापटक से परेशान होकर शिवसेना नेता और सांसद संजय राउत के आंसू निकल आए. वायरल वीडियो को देखने से ऐसा लगता है कि संजय राउत किसी से बात करते हुए रो रहे हैं. यह वीडियो फेसबुक और ट्विटर पर काफी वायरल हो रहा है.

पिछले एक हफ्ते से महाराष्ट्र में चल रहा पॉलिटिकल ड्रामा कब खत्म होगा, यह कहा नहीं जा सकता. शिवसेना के एक गुट के बगावत करने के बाद महाराष्ट्र की सत्ताधारी महा विकास आघाडी की सरकार संकट में आ गई है. लोग महाराष्ट्र की सरकार के गिरने की आशंका जता रहे हैं. इस हलचल में हर राजनीतिक दल की तरफ से बयानबाजी चल रही है. शिवसेना का मोर्चा संजय राउत ने संभाल रखा है. इसी बीच सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो रहा है, जिसके जरिए संजय राउत के रोने का दावा किया गया है.
Fact Check/Verification
कुछ कीवर्ड्स की मदद से खोजने पर हमें पता चला कि संजय राउत का यह वीडियो न्यूज चैनल “आज तक” के एक इंटरव्यू से लिया गया है. संजय राउत का ये इंटरव्यू आजतक के पत्रकार साहिल जोशी ने 21 जून 2022 को लिया था. वायरल वीडियो वाला हिस्सा आजतक के वीडियो की शुरुआत में देखा जा सकता है. लेकिन यहां गौर करने वाली बात यह है कि आज तक के वीडियो में संजय राउत रोते हुए नजर नहीं आ रहे हैं. उनके चेहरे का हावभाव सामान्य दिख रहा है.

इससे इतनी बात तो साफ हो जाती है कि वायरल वीडियो के साथ छेड़छाड़ हुई है. मूल वीडियो में संजय राउत रोते नहीं दिख रहे हैं. पड़ताल में हमें यह भी पता चला कि इस वीडियो में संजय राउत को रोता हुआ दिखाने के लिए स्नैपचैट ऐप के एक फिल्टर का इस्तेमाल किया गया है. यह स्नैपचैट फिल्टर पिछले कई दिनों से काफी पॉपुलर हो रहा है. इस टेक्नोलॉजी की मदद से किसी भी व्यक्ति के चेहरे को इस तरह से एडिट करता है कि देखने में लगे कि व्यक्ति रो रहा है.
Conclusion
इस तरह हमारी पड़ताल में में इस बात की पुष्टि हो जाती है कि संजय राउत का यह वीडियो, स्नैपचैट फिल्टर की मदद से बनाया गया है, जिसे देखने से ऐसा लग रहा है कि राउत रो रहे हैं.
यह भी पढ़ें: फरीदाबाद मेट्रो से आतंकी पकड़े जाने का दावा है झूठा, सीआईएसएफ की मॉक ड्रिल का है यह वीडियो
Result: Altered Video
Our Sources
Video of AajTak uploaded on June 21, 2022
किसी संदिग्ध ख़बर की पड़ताल, संशोधन या अन्य सुझावों के लिए हमें WhatsApp करें: 9999499044 या ई-मेल करें: checkthis@newschecker.in