Fact Check
निरहुआ ने आजमगढ़ उपचुनाव में सपा के लिए नहीं किया प्रचार, पांच साल पुराना है यह वीडियो
Claim
यूपी के आजमगढ़ में 23 जून को होने वाले लोकसभा उपचुनाव से पहले, सोशल मीडिया पर बीजेपी उम्मीदवार और भोजपुरी कलाकार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ का एक वीडियो वायरल हो रहा है. दावा किया जा रहा है कि निरहुआ ने आजमगढ़ उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के समर्थन में प्रचार किया. वीडियो में निरहुआ एक गाड़ी पर खड़े होकर लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे साइकिल पर मोहर लगाकर सपा को विजय बनाएं.
Fact
कुछ कीवर्ड्स की मदद से खोजने पर पता चला कि इस वीडियो को यूट्यूब पर नवंबर 2017 में भी शेयर किया गया था. लोगों ने लिखा था कि निरहुआ और भोजपुरी कलाकार आम्रपाली दुबे ने गाजीपुर के सैदपुर नगर पंचायत में सपा के लिए चुनाव प्रचार किया. उस समय यूपी में नगर निकाय के चुनाव चल रहे थे. निरहुआ ने सैदपुर में सपा प्रत्याशी सुषमा सोनकर के समर्थन में रोड शो किया था. ये खबर मीडिया में भी आई थी.
निरहुआ, मार्च 2019 में बीजेपी में शामिल हुए थे. उन्होंने लोकसभा चुनाव 2019 में आजमगढ़ से अखिलेश यादव के खिलाफ चुनाव लड़ा था. लेकिन वह चुनाव हार गए थे. बीजेपी ने एक बार फिर उन्हें आजमगढ़ से उपचुनाव के लिए खड़ा किया है. सपा से उम्मीदवार धर्मेंद्र यादव हैं. अखिलेश यादव के विधानसभा जाने के बाद यह सीट खाली हो गई थी.
हमारी जांच में स्पष्ट हो जाता है कि निरहुआ ने आजमगढ़ उपचुनाव में सपा के लिए प्रचार नहीं किया है. वायरल वीडियो लगभग पांच साल पुराना है, ना कि हाल-फिलहाल का. उस समय निरहुआ बीजेपी में शामिल नहीं हुए थे.
Result: Partly False
यदि आपको यह फैक्ट चेक पसंद आया है और आप इस तरह के और फैक्ट चेक पढ़ना चाहते हैं तो यहां क्लिक करें।
किसी संदिग्ध ख़बर की पड़ताल, संशोधन या अन्य सुझावों के लिए हमें WhatsApp करें: 9999499044 या ई-मेल करें: checkthis@newschecker.in