Fact Check
क्या बीजेपी और कांग्रेस के बीच हुई ‘गुप्त बैठक’? डेढ़ साल पुरानी तस्वीर भ्रामक दावे के साथ वायरल
सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर कर दावा किया जा रहा है कि बीजेपी और कांग्रेस के बीच गुप्त बैठक हुई है। वायरल तस्वीर में पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह के अलावा कांग्रेस नेता सोनिया गांधी भी नज़र आ रही हैं।

Fact Check/Verification
दावे की सत्यता जानने के लिए हमने तस्वीर को रिवर्स सर्च किया। हमें वायरल तस्वीर से मिलती-जुलती तस्वीर ‘आजतक’ की वेबसाइट पर नवंबर 2021 में छपी एक रिपोर्ट में मिली। रिपोर्ट के अनुसार, संसद का शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले एक सर्वदलीय बैठक बुलाई गई, जिसमें पीएम नरेंद्र मोदी के अलावा विपक्ष के कई नेता भी मौजूद थे। रिपोर्ट में तस्वीर को फाइल फोटो बताया गया है। इससे स्पष्ट है कि तस्वीर नवंबर 2021 से भी पहले की है।
इसकी मदद लेते हुए हमने कुछ कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च किया। हमें ABP News द्वारा 11 अगस्त 2021 को प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली। इसमें वायरल तस्वीर को देखा जा सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, तस्वीर लोकसभा कक्ष की है। जब लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित होने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत अन्य दलों के लोकसभा सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की थी। इस दौरान सोनिया गांधी के अलावा कांग्रेस सांसद अधीर रजंन चौधरी भी मौजूद थे।
इसके अलावा इस मुलाकात के संबंध में ANI News के यूट्यूब चैनल पर भी 11 अगस्त 2021 को एक वीडियो अपलोड किया गया था। इसमें पीएम नरेंद्र मोदी, लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला और कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी को देखा जा सकता है।
पड़ताल के दौरान हमें लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से 11 अगस्त 2021 को अपलोड किया गया एक वीडियो मिला। इसमें भी पीएम मोदी, सोनिया गांधी समेत अन्य नेताओं को देखा जा सकता है। वीडियो के साथ कैप्शन में ओम बिड़ला ने लिखा है कि लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बाद सभी दलों के नेता जनता के कल्याणकारी विषयों को लेकर सदन में चर्चा और सवांद को प्रोत्साहित करें।
यह भी पढ़ें: अलका लांबा, प्रियंका चतुर्वेदी और नूपुर शर्मा की पुरानी तस्वीर भ्रामक दावे के साथ वायरल
Conclusion
इस प्रकार हमारी पड़ताल में यह बात साफ हो जाती है कि पीएम नरेंद्र मोदी, सोनिया गांधी और अन्य नेताओं की मुलाकात की तस्वीर को भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। तस्वीर डेढ़ साल पुरानी है, जब लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने लोकसभा कक्ष में एक सर्वदलीय बैठक बुलाई थी।
Result: False
Our Sources
Report Published on AAJ Tak
Report Published on ABP News
Youtube Video by ANI News
Tweet by Loksabha Speaker OM Birla
किसी संदिग्ध ख़बर की पड़ताल, संशोधन या अन्य सुझावों के लिए हमें WhatsApp करें: 9999499044 या ई-मेल करें: checkthis@newschecker.in