Fact Check
क्या आज योग दिवस के मौके पर भगवा टी-शर्ट में नजर आए यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ?
आज यानि 21 जून का दिन दुनिया भर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाता है. ऐसा माना जाता है कि मानव सभ्यता की शुरुआत से ही योग किया जा रहा है। 11 दिसंबर साल 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने हर साल 21 जून का दिन अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के तौर पर मनाए जाने की घोषणा की थी.
ऐसे में आज सोशल मीडिया यूज़र्स, अपनी प्रोफाइल पर योग करते हुए कुछ तस्वीरें शेयर कर रहे हैं। इसी बीच यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की एक तस्वीर इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर में सीएम योगी को भगवा रंग की T-Shirt में योगासन करते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि सीएम योगी की T-shirt वाली यह तस्वीर आज यानि 21 जून 2021 की है और सीएम योगी ने आज पहली T-Shirt पहनी है।
पोस्ट का आर्काइव लिंक यहाँ देखें।
सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर को कई अन्य यूज़र्स ने भी शेयर किया है।
Crowd tangle नामक टूल की सहायता से किए गए विश्लेषण के अनुसार सीएम योगी की T-Shirt वाली इस तस्वीर को वायरल दावे के साथ फेसबुक पर भी कई यूजर्स द्वारा शेयर किया गया है। उक्त विश्लेषण के दौरान प्राप्त डाटा के मुताबिक वायरल तस्वीर को लेकर शेयर किए गए फेसबुक पोस्ट्स पर अब तक कुल 15,817 लोगों द्वारा प्रतिक्रिया दी जा चुकी है।

Fact check / Verification
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ की वायरल हो रही तस्वीर को देखने पर हमें इसके पुराना होने की आशंका हुई, जिसके बाद हमने पड़ताल आरम्भ की। पड़ताल के दौरान हमने वायरल तस्वीर को गूगल रिवर्स टूल की मदद से खोजना शुरू किया। इस दौरान हमें ABP की वेबसाइट पर साल 2018 में प्रकाशित एक लेख में सीएम योगी की वायरल तस्वीर प्राप्त हुई।

लेख के मुताबिक, यह वायरल तस्वीर साल 2018 में आयोजित योग दिवस के दौरान की है, जब उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गृहमंत्री राजनाथ सिंह, तत्कालीन राज्यपाल राम नाईक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने योग किया था। खास बात यह है कि इस दौरान सीएम योगी ने भगवा रंग की T-Shirt पहनी थी।
वायरल तस्वीर को गूगल पर और बारीकी से खोजने पर हमें यह तस्वीर, CM office, GoUp के आधिकारिक ट्विटर हैंडल द्वारा 21 जून साल 2018 को किए गए एक पोस्ट में भी प्राप्त हुई। पोस्ट में सीएम योगी ने अपनी कुछ तस्वीरें पोस्ट करते हुए लोगों को योग दिवस की शुभकामनाएं दी थी।
इसके बाद हमने सीएम योगी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल को भी खंगाला। जहां हमने पाया कि सीएम योगी ने आज यानि 21 जून को दुनिया भर में 7वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाए जाने के अवसर पर सभी को योग दिवस की बधाइयां दी है।
क्या सीएम योगी ने आज योग दिवस पर किसी कार्यक्रम में हिस्सा लिया है, इस बात का पता लगाने के लिए हमने एक बार फिर CM office, GoUp के आधिकारिक ट्विटर हैंडल को खंगालना शुरू किया। इस दौरान हमने पाया कि आज सीएम योगी ने किसी भी योग कार्यक्रम का ना तो आयोजन किया था और ना ही किसी योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
Conclusion
सीएम योगी की वायरल तस्वीर की पड़ताल के दौरान उपरोक्त मिले तथ्यों से हमें पता चला कि यह तस्वीर आज यानि 21 जून साल 2021 की नहीं, बल्कि साल 2018 की है, जब उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गृहमंत्री राजनाथ सिंह, तत्कालीन राज्यपाल राम नाईक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने योग किया था।
Result – Misleading
Our Sources
https://twitter.com/myogiadityanath
https://twitter.com/CMOfficeUP
किसी संदिग्ध ख़बर की पड़ताल, संशोधन या अन्य सुझावों के लिए हमें WhatsApp करें: 9999499044 या ई-मेल करें: checkthis@newschecker.in