Fact Check
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर पर किसानों ने नहीं फेंकी स्याही, पुरानी तस्वीर गलत दावे के साथ हुई वायरल
हरियाणा के मौजूदा सीएम मनोहर लाल खट्टर की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वायरल तस्वीर के साथ दावा किया जा रहा है कि पंजाब में भाजपा विधायक अरुण नारंग से बदसलूकी के बाद अब हरियाणा के किसानों ने सूबे के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर पर भी स्याही फेंक कर हमला किया है।
वायरल पोस्ट का आर्काइव लिंक यहाँ देखें।
हमने पाया कि इन तस्वीरों को इंटरनेट पर कई अन्य यूज़र्स ने भी शेयर किया है।
फेसबुक लिंक

फेसबुक लिंक

Fact Check / Verification
बीते शनिवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर रोहतक पहुंचने वाले थे। लेकिन किसानों के विरोध के कारण, उन्हें बार-बार अपने हेलीकॉप्टर की लैंडिंग का स्थान बदलना पड़ा। दरअसल शनिवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, भाजपा सांसद अरविंद शर्मा के दिवंगत पिता की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने पहुंचे थे। लेकिन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के आगमन की खबर मिलते ही किसानों ने विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। इस दौरान किसानों ने खट्टर के लिए बनाए गए हैलीपैड का घेराव भी किया।
इसी बीच किसानों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठी चार्ज किया। जिसके बाद किसानों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हुई। लेकिन पुलिस की इतनी जद्दोजहद के बावजूद किसान हैलीपैड के पास एकत्रित हो गए।
इस घटना के बाद से इंटरनेट पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की एक तस्वीर वायरल कर दावा किया गया कि किसानों ने उनपर स्याही से हमला किया। दावे की सत्यता जानने के लिए हमने अपनी पड़ताल शुरू की। सबसे पहले हमने वायरल तस्वीर को गूगल पर रिवर्स इमेज टूल के माध्यम से खोजना शुरू किया।
खोज के दौरान हमें अमर उजाला की एक रिपोर्ट मिली। जिसके अनुसार सीएम मनोहर लाल खट्टर की यह वायरल तस्वीर मई 2018 की है, जब हिसार में एक व्यक्ति ने उनपर जाट आरक्षण को लेकर एक रैली के दौरान काला तेल फेंक दिया था।

प्राप्त खबर की पुष्टि के लिए हमने गूगल पर और बारीकी से खोजा। इस दौरान हमें द ट्रिब्यून नामक वेबसाइट पर 17 मई साल 2018 को छपा एक लेख मिला। लेख के मुताबिक, हिसार के एक रोड शो के दौरान खट्टर के साथ यह वाकया पेश आया था। जहां रोड शो के लिए पहुंचे मुख्यमंत्री मनोहर लाल पर देवी भवन मंदिर परिसर में आदमपुर हलके के गांव जाखोद खेड़ा निवासी युवक प्रवीण पहलवान ने स्याही फेंक दी थी। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने युवक को काबू कर गिरफ्तार कर लिया था।

इसके अलावा हमें 18 अगस्त, 2018 को टाइम्स ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर वायरल तस्वीर के साथ प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली। जिसके मुताबिक हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अपना मामला वापस ले लिया और आरोपी को क्षमा कर दिया था।

Conclusion
हमारी पड़ताल के दौरान मिले तथ्यों से पता चला कि जो तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है वह हालिया दिनों की नहीं बल्कि, तीन साल पुरानी है। वायरल तस्वीर उस समय की है जब साल 2018 में हिसार के एक रोड शो के दौरान प्रवीण पहलवान नामक युवक ने जाट आरक्षण को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर पर स्याही फेंक दी थी।
Results: Misleading
Our Sources
https://www.tribuneindia.com/news/archive/haryana/ink-thrown-at-cm-in-hisar-590792
https://www.amarujala.com/chandigarh/black-oil-thrown-on-haryana-cm-manohar-lal-khattar-in-hisar
किसी भी संदिग्ध समाचार की जांच, सुधार या अन्य सुझावों के लिए हमें ईमेल करें: checkthis@newschecker.in या व्हाट्सएप नंबर 9999499044