Fact Check
युवती के साथ नजर आ रहे राहुल गांधी की यह तस्वीर भारत जोड़ो यात्रा की नहीं है, यहां जानें पूरा सच
एक युवती के साथ गाड़ी के छत पर बैठे राहुल गांधी की एक तस्वीर वायरल है। दावा किया जा रहा है कि उनकी यह तस्वीर भारत जोड़ो यात्रा के दौरान की है। इस तस्वीर में राहुल के साथ कुछ सुरक्षाकर्मी भी नजर आ रहे हैं और वाहन पर गुजराती भाषा में कुछ लिखा भी हुआ है।

बीते 7 सितंबर को कांग्रेस की 3750 किलोमीटर लंबी भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत हुई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कांग्रेस की यह पैदल यात्रा सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई और जम्मू-कश्मीर में जाकर समाप्त होगी। इस यात्रा को लेकर कई दावे भी शेयर किए गए जो Newschecker की पड़ताल में फर्जी साबित हुए। इसी कड़ी में एक युवती के साथ राहुल गांधी की तस्वीर को शेयर कर इसे भारत जोड़ो यात्रा का बताया जा रहा है।
Fact Check/Verification
दावे की सत्यता जानने के लिए हमने वायरल तस्वीर को रिवर्स सर्च किया। हमें सुप्रिया भारद्वाज नामक एक वेरीफाइड हैंडल द्वारा 2 नवंबर 2017 को पोस्ट किया गया एक ट्वीट मिला। ट्वीट में पीएम मोदी के साथ मिलते कुछ लोगों की तस्वीर के साथ वायरल तस्वीर भी मौजूद है। पोस्ट के कैप्शन में लिखा है, “आज के दिन की तस्वीर: राहुल गांधी के साथ एक सेल्फी, तो वहीं पीएम नरेंद्र मोदी ने प्रिंस के साथ फोटो क्लिक कराया।”
इसके अलावा, हमें समचार एजेंसी ANI द्वारा नवंबर 2017 में किया गया एक वीडियो ट्वीट मिला। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक लड़की राहुल गांधी के साथ सेल्फी क्लिक करने के लिए रोड शो के दौरान उनके वैन पर चढ़ती हुई नज़र आ रही है। ANI ने अपने कैप्शन में लिखा है कि राहुल गांधी के गुजरात के भरूच में रोड शो के दौरान एक लड़की उनके वाहन पर चढ़कर सेल्फी ली।
इस रिपोर्ट को कई मीडिया संस्थानों ने भी प्रकाशित किया था। जिसे यहां और यहां पढ़ा जा सकता है।
पड़ताल के दौरान एबीपी न्यूज द्वारा नवंबर 2017 में प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के अनुसार, राहुल गांधी के साथ सेल्फी लेने वाली लड़की का नाम मंतशा इब्राहिम सेठ है। मंतशा राहुल गांधी से बहुत समय से मिलना चाहती थी। उस वक्त 10वीं क्लास में पढ़ने वाली मतंंशा ने स्कूल से एक दिन की छुट्टी भी ली थी। उन्होंने एबीपी न्यूज को बताया, “मैं भरूच स्टेशन से ही रैली में शामिल हो गई थी और जैसे ही राहुल गांधी को लगा कि मैं कुछ कहना चाहती हूं, तो उन्होंने मुझे अपनी तरफ बुलाया। उन्होंने मुझे एक गुलदस्ता दिया। इसके बाद उन्होंने मेरी सेल्फी की रिक्वेस्ट भी मान ली। राहुल के साथ सेल्फी लेना सपना सच होने जैसा है।”

यह भी पढ़ें: क्या राहुल गांधी बाइक पर सवार होकर कर रहे हैं भारत जोड़ो यात्रा? पांच साल पुरानी है ये फोटो
Conclusion
इस तरह हमारी जांच में यह स्पष्ट हो जाता है कि राहुल गांधी की यह वायरल तस्वीर करीब पांच साल पुरानी है और इसका भारत जोड़ो यात्रा से कोई सम्बन्ध नहीं है।
Result: False
Our Sources
Tweet by Supriya Bhardwaj on November 2017
Tweet by ANI in November 2017
Report by Firstpost & The New Indian Express in November 2017
Report by ABP News on November 2017
किसी संदिग्ध ख़बर की पड़ताल, संशोधन या अन्य सुझावों के लिए हमें WhatsApp करें: 9999499044 या ई-मेल करें: checkthis@newschecker.in