Fact Check
क्या आरएसएस के खिलाफ बोलने वालों पर यूपी पुलिस ने किया लाठीचार्ज? वीडियो के साथ किया गया दावा भ्रामक है
सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है जिसमें हेलमेट और बुलेट प्रूफ जैकेट पहने कुछ पुलिसकर्मी अलग-अलग आदमियों को लाठी-डंडों से पीटते हुए उन्हें हिरासत में लेते दिख रहे हैं. यहां तक की पुलिसकर्मी घरों से भी लोगों की धर-पकड़ कर रहे हैं. दावा है कि यह वीडियो उत्तर प्रदेश का है, जहां ये लोग एक रैली में आरएसएस वालों को काटने की बात कह रहे थे, लेकिन योगी आदित्यनाथ सरकार की पुलिस ने इन्हें सबक सिखा दिया.

वीडियो को शेयर करते हुए यूजर्स कैप्शन में लिख रहे हैं,“शाम को 5:00 बजे रैली निकाली ,आर एस एस वालों को काट डालो और 7:00 बजे शाम को योगी सरकार का रिजल्ट”. इस कैप्शन के साथ यह वीडियो फेसबुक और ट्विटर पर कई लोग पोस्ट कर चुके हैं.
Fact Check/Verification
वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को In-Vid टूल की मदद से रिवर्स सर्च करने पर हमें यह वीडियो 28 अगस्त 2022 के एक ट्वीट में मिला. इस ट्वीट में लिखा है कि हैदराबाद पुलिस ने बीजेपी मंत्री टी राजा सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे युवा मुस्लिमों को घर से गिरफ्तार किया और उनकी लाठियों से पिटाई की.
इसके बाद कुछ कीवर्ड्स की मदद से सर्च करने पर हमें 25 अगस्त 2022 की The News Minute की एक खबर मिली, जिसमें वायरल वीडियो का एक फ्रेम देखा जा सकता है.

खबर में बताया गया है कि 24 अगस्त की रात को हैदराबाद पुलिस ने कई युवाओं पर लाठीचार्ज कर उन्हें हिरासत में लिया था. ये लोग निष्कासित बीजेपी विधायक टी राजा सिंह को मिली जमानत के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. इन लोगों पर प्रदर्शन के दौरान हिंसा करने के आरोप थे.
वायरल वीडियो को एनडीटीवी और आजतक की खबरों में भी दिखाया गया है. यहां भी वीडियो को हैदराबाद में राजा सिंह के खिलाफ भड़के विरोध प्रदर्शन का बताया गया है. वायरल वीडियो में एक जगह पुलिस की गाड़ी देखी जा सकती है. गौर से देखने पर गाड़ी की नंबर प्लेट पर ‘TS09’ लिखा नजर आ रहा है. ‘TS09’ हैदराबाद का ही आरटीओ कोड है.

यह भी पढ़ें…राजस्थान कांग्रेस में चल रही खींचतान के बीच सचिन पायलट समर्थकों ने शेयर की एडिटेड तस्वीर
दरअसल, राजा सिंह ने इस्लाम और पैगम्बर मोहम्मद के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. इसको लेकर उस समय हैदराबाद में काफी बवाल हुआ था. पुलिस ने राजा सिंह को गिरफ्तार भी कर लिया था. लेकिन उन्हें जल्द ही जमानत मिल गई थी.
पहले से राजा सिंह का विरोध कर रहे मुस्लिम समुदाय के लोग जमानत की खबर के बाद और आक्रोशित हो गए थे. हैदराबाद में कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन होने लगा था. हालांकि, राजा सिंह को हैदराबाद पुलिस ने 25 अगस्त को दोबारा गिरफ्तार कर लिया था. राजा सिंह, हैदराबाद की गोशामहल सीट से बीजेपी विधायक थे. पैगम्बर मोहम्मद के खिलाफ बोलने को लेकर बीजेपी उन्हें पार्टी से निष्कासित कर चुकी है.
Conclusion
इस तरह हमारी पड़ताल में यह साबित हो जाता है कि वायरल वीडियो उत्तर प्रदेश का नहीं बल्कि तेलंगाना के हैदराबाद का है. वीडियो को आरएसएस और यूपी से जोड़कर भ्रामक दावा किया गया है.
Result: False
Our Sources
Report of The News Minute, published on August 25, 2022
Report of AajTak & NDTV, published on August 25, 2022
Self Analysis
किसी संदिग्ध ख़बर की पड़ताल, संशोधन या अन्य सुझावों के लिए हमें WhatsApp करें: 9999499044 या ई-मेल करें: checkthis@newschecker.in