Fact Check
सचिन पायलट ने नहीं ली बीजेपी की सदस्यता, एडिटेड तस्वीर हुई वायरल
सोशल मीडिया पर सचिन पायलट और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ की एक तस्वीर शेयर की जा रही है। तस्वीर में दोनों को फूल के एक गुलदस्ते के साथ देखा जा सकता है। दावा है कि राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट कांग्रेस पार्टी का साथ छोड़ कर भाजपा में शामिल हो गए हैं।
ट्वीट का आर्काइव लिंक यहाँ देखें।
Fact Check/Verification
राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की इस तस्वीर को राजेश नील नामक यूजर द्वारा शेयर किया गया है। वायरल तस्वीर तथा उसके साथ वायरल हुए दावे का सच जानने के लिए हमने अपनी पड़ताल आरम्भ की।
पड़ताल के दौरान हमने सबसे पहले इस खबर को खोजा कि क्या सचिन पायलट ने भाजपा की सदस्यता ले ली है। इस दौरान Google पर वायरल दावे से मिलती- जुलती कई खबरें मिली। मगर सचिन पायलट के भाजपा में शामिल होने की कोई खबर नहीं मिली।

इसके बाद हमने वायरल तस्वीर को एक बार दोबारा गौर से देखा। वायरल तस्वीर में दिख रहा दृश्य हमें देखने में पुराना लगा। लिहाजा हमने वायरल तस्वीर को Google पर रिवर्स इमेज सर्च से खोजा। जिसके बाद हमें आजतक की वेबसाइट पर 12 मार्च 2020 को छपा एक लेख मिला। लेख में ज्योतिरादित्य सिंधिया और जेपी नड्डा की एक तस्वीर मिली।

आजतक की वेबसाइट पर मिली यह तस्वीर सचिन पायलट की वायरल तस्वीर से हूबहू मेल खाती है। उक्त लेख की तस्वीर में सिर्फ सचिन पायलट के चेहरे की जगह मध्य प्रदेश के बड़े नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया का चेहरा है। बता दें कि ज्योतिरादित्य मध्य प्रदेश से कांग्रेस के बड़े नेताओं में शामिल थे, लेकिन अभी हाल ही में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली है।
इसके बाद हमने वायरल तस्वीर और आजतक की वेबसाइट पर मिली ज्योतिरादित्य सिंधिया की तस्वीर की तुलना की।

तुलना के दौरान हमें दोनों तस्वीरों में कई समानताएं नजर आयी। तुलना के बाद हमने पाया कि सचिन पायलट की तस्वीर को ज्योतिरादित्य सिंधिया की तस्वीर से एडिट किया गया है।
इसके अलावा हमने Google पर सचिन पायलट की उस तस्वीर को भी खोजा जहां से सचिन पायलट के चेहरे को लिया गया है। इस दौरान हमें xappie.com नाम की वेबसाइट पर वो तस्वीर मिली जिसके एक हिस्से को एडिटेड तस्वीर में इस्तेमाल किया गया है।

Conclusion
सचिन पायलट की वायरल हो रही तस्वीर एडिटेड है। असल में अभी तक सचिन पायलट के भाजपा में शामिल होने की कोई खबर नहीं है। साथ ही सचिन पायलट की इस वायरल तस्वीर को ज्योतिरादित्य सिंधिया की तस्वीर से एडिट किया गया है। बता दें कि अभी हाल ही में सिंधिया ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के सामने बीजेपी की सदस्यता ली थी।
Result: Manipulated
Our Sources
किसी संदिग्ध ख़बर की पड़ताल, संशोधन या अन्य सुझावों के लिए हमें WhatsApp करें: 9999499044 या ई-मेल करें: checkthis@newschecker.in