Fact Check
अभिनेता सलमान खान ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को नहीं समर्पित किया कोई गाना, पुराना वीडियो गलत दावे का साथ हुआ वायरल
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर यह दावा किया गया कि अभिनेता सलमान खान ने अपने एक गाने को कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को समर्पित किया है.
सोशल मीडिया यूजर्स का एक धड़ा लंबे समय से बॉलीवुड की आलोचना करता रहा है. अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद भी बॉलीवुड, सोशल मीडिया यूजर्स के निशाने पर रहा था. हालिया दिनों में कई बॉलीवुड फिल्मों के बहिष्कार के बाद बॉलीवुड एक्टर्स की गतिविधियों की भी खूब चर्चा हो रही है. कई सफल फिल्मों में अभिनय कर चुके अभिनेता सलमान खान का नाम कई बार विवादों से जुड़ा है.
इसी क्रम में सोशल मीडिया यूजर्स एक वीडियो शेयर कर यह दावा कर रहे हैं कि सलमान खान ने अपने एक गाने को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को समर्पित किया है. इसके साथ ही कई अन्य यूजर्स ने भी वीडियो को हाल-फिलहाल का बताया है.
Fact Check/Verification
सलमान खान द्वारा अपने एक गाने को कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को समर्पित करने के नाम पर शेयर किए जा रहे इस दावे की पड़ताल के लिए हमने इसके एक की-फ्रेम को गूगल पर ढूंढा. इस प्रक्रिया में हमें वायरल वीडियो से संबंधित कई ऐसी मीडिया रिपोर्ट्स प्राप्त हुईं, जिनसे यह जानकारी मिलती है कि ‘भाई-भाई’ नामक यह गाना सलमान खान द्वारा साल 2020 में रिलीज़ किया गया था. ‘bhai bhai song’ कीवर्ड को यूट्यूब पर ढूंढने पर हमें यह जानकारी मिली कि यही वीडियो सलमान खान के आधिकारिक यूट्यूब चैनल द्वारा 25 मई, 2020 को अपलोड किया गया था.

वीडियो का डिस्क्रिप्शन कुछ इस प्रकार है, “A special gift for all of you on this auspicious occasion of Eid. Listen to Bhai Bhai and spread the brotherhood. Eid Mubarak to everyone! (“ईद के पवित्र अवसर पर आप सभी लोगों के लिए एक उपहार. भाई भाई गाने को सुनिए और भाईचारा बढ़ाइए. आप सभी को ईद मुबारक”)
हमने ‘सलमान खान ने कांग्रेस का समर्थन किया’, ”सलमान खान ने भारत जोड़ो यात्रा को गाना समर्पित किया’ जैसे कई कीवर्ड्स को गूगल पर ढूंढा. लेकिन हमें एक भी ऐसी मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली, जिससे वायरल दावे की पुष्टि की जा सके. हमने सलमान खान के सोशल मीडिया पेजों को भी खंगाला, लेकिन वहां भी हमें अभिनेता द्वारा कांग्रेस या भारत जोड़ो यात्रा का समर्थन करने संबंधी कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई.
पड़ताल के दौरान हमें यह जानकारी मिली कि कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने भी यही वीडियो शेयर किया था. हालांकि, उन्होंने अपने ट्वीट में कहीं भी यह नहीं कहा कि सलमान खान ने इस गाने को भारत जोड़ो यात्रा को समर्पित किया है. बता दें कि संजय निरुपम द्वारा शेयर किया गया यह वीडियो असल में दीपक शर्मा नामक एक ट्विटर यूजर द्वारा शेयर किया गया था. दीपक शर्मा नामक यूजर ने अपने ट्वीट में लिखा है, “हमारे हीरो @BeingSalmanKhan का ये वीडियो @bharatjodo को समर्पित होनी चाहिए।” संभव है कि यूजर्स ने दीपक शर्मा के इसी ट्वीट का गलत अर्थ निकाल लिया हो.
Conclusion
इस तरह हमारी पड़ताल में यह बात साफ हो जाती है कि सलमान खान द्वारा अपने एक गाने को कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को समर्पित करने के नाम पर शेयर किया जा रहा यह दावा भ्रामक है. असल में सलमान खान ने यह गाना साल 2020 में ईद के मौके पर रिलीज़ किया था.
Result: Partly False
Our Sources
YouTube video published by Salman Khan on 25 May, 2020
Newschecker Analysis
किसी संदिग्ध ख़बर की पड़ताल, संशोधन या अन्य सुझावों के लिए हमें WhatsApp करें: 9999499044 या ई-मेल करें: checkthis@newschecker.in