Fact Check
सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की नहीं है ये तस्वीर
सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद जैसे ही खबर आई कि इसकी जिम्मेदारी कनाडा स्थित गैंगस्टर गोल्डी बराड़ (Goldy Brar) ने ली है, एक व्यक्ति की फोटो काफी वायरल होने लगी जिसे गोल्डी बराड़ बताया जा रहा है. इस फोटो में एक आदमी को कार में बैठे हुए देखा जा सकता है. फेसबुक और ट्विटर पर इस व्यक्ति की तस्वीर को गोल्डी बराड़ का बताकर सैकड़ों लोग शेयर कर चुके हैं. कुछ खबरों में भी इस व्यक्ति को गोल्डी बराड़ बताया गया है.

दरअसल, पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला (Sidhu Moosewala) की 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा में कुछ अज्ञातों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. कुछ ही देर बाद खबर आई कि मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी पंजाब के एक गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई (Lawrence Bishnoi) के करीबी गोल्डी बराड़ ने ली है. इसी के मद्देनजर सोशल मीडिया पर यह तस्वीर वायरल हो रही है, जिसे कई लोगों ने गोल्डी बराड़ का बताया है.
Fact Check/Verification
तस्वीर को रिवर्स सर्च करने पर हमें पंजाबी न्यूज़ वेबसाइट babushahi.com द्वारा 5 अप्रैल 2021 को प्रकाशित एक खबर मिली. खबर में तस्वीर में दिख रहे शख्स को गगन बराड़ बताया गया है. खबर के अनुसार, गगन बराड़, फरीदकोट यूथ कांग्रेस चीफ गुरलाल सिंह पहलवान की हत्या का मुख्य साजिशकर्ता था.
गगन को पंजाब पुलिस ने हिमाचल प्रदेश पुलिस के साथ मिलकर 5 अप्रैल 2021 को हिमाचल के कसोल से गिरफ्तार किया था. गगन बराड़ (Gagan brar) भी उसी लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गैंग का करीबी है, जिसने मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी ली है. ट्रिब्यून की एक खबर के मुताबिक, गुरलाल सिंह पहलवान की हत्या की जिम्मेदारी गोल्डी बराड़ ने ली थी. इसमें उसकी मदद लॉरेंस बिश्नोई ने की थी.
गगन बराड़ की गिरफ्तारी के बाद पंजाब पुलिस और पंजाब सरकार के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट्स से भी वायरल तस्वीर को ट्वीट किया गया था. ट्वीट के जरिए बताया गया था कि पंजाब पुलिस ने गगन बराड़ को गिरफ्तार कर लिया.
अगर बात करें गोल्डी बराड़ की फोटो की तो मूसेवाला की हत्या के बाद उसकी कुछ तस्वीरें मीडिया में आई हैं. वायरल तस्वीर में दिख रहे व्यक्ति और गोल्डी बराड़ की तस्वीर में अंतर स्पष्ट समझ आता है.
Conclusion
कुल मिलाकर निष्कर्ष ये निकलता है कि वायरल फोटो सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले गोल्डी बराड़ की नहीं, बल्कि उसके एक साथी गगन बराड़ की है.
Result: Misleading/Partly False
Our Sources
Report of babushahi, published on April 5, 2021
Report of The Tribune, published on April 5, 2021
Tweets of Punjab Police and Punjab Government, posted on April 5, 2021
किसी संदिग्ध ख़बर की पड़ताल, संशोधन या अन्य सुझावों के लिए हमें WhatsApp करें: 9999499044 या ई-मेल करें: checkthis@newschecker.in