Fact Check
कांग्रेस ने तेलंगाना के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए नहीं जारी किया घोषणा पत्र, फर्जी दावा वायरल
तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2023 के मद्देनजर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है। वीडियो में पत्रकार अर्नब गोस्वामी तेलंगाना कांग्रेस के घोषणापत्र पर चर्चा करते नज़र आ रहे हैं। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि कांग्रेस के तेलंगाना चुनावी मेनिफेस्टो में मुस्लिमों के लिए स्पेशल हॉस्पिटल बनाए जाने की घोषणा की गई है, जहां हिंदुओं का प्रवेश वर्जित होगा चाहे कितनी भी इमरजेंसी क्यों न हो।

दरअसल, तेलंगाना में 2023 में विधानसभा चुनाव होने को हैं। ‘दैनिक जागरण’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, बीजेपी ने तेलंगाना चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। रिपोर्ट के अनुसार, बीजेपी ने पांच साल पूर्व हुए तेलंगाना विधानसभा चुनाव में केवल एक सीट पर जीत हासिल की थी। बीजेपी ने इस बार तेलंगाना में पूर्ण बहुमत हासिल करने का मिशन बनाया है।
Fact Check/Verification
दावे की सत्यता जानने के लिए हमने कुछ कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च किया। हमें 2023 के विधानसभा चुनाव को लेकर तेलंगाना कांग्रेस द्वारा जारी किया गया कोई घोषणापत्र नहीं मिला। इसके अलावा, हमें कोई प्रमाणिक रिपोर्ट भी नहीं मिली, जिसमें इस बात का जिक्र किया गया हो कि तेलंगाना के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने कोई घोषणापत्र जारी किया है।
इसके बाद हमने कुछ कीवर्ड की मदद से ट्विटर सर्च किया। हमें Republic TV के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से नवंबर 2018 में किया गया एक ट्वीट मिला। ट्वीट में मौजूद 4 मिनट के वीडियो में वायरल वीडियो का हिस्सा देखा जा सकता है। इससे स्पष्ट है कि सोशल मीडिया पर तेलंगाना कांग्रेस के घोषणापत्र को लेकर अभी वायरल हो रहा वीडियो करीब चार साल पुराना है।
इसके अलावा, वायरल वीडियो में रिपब्लिक टीवी के एडिटर इन चीफ अर्नब गोस्वामी ने तेलंगाना कांग्रेस के घोषणापत्र को लेकर कई दावे किए। उन्होंने कहा कि तेलंगाना कांग्रेस अपने चुनावी घोषणापत्र से मुस्लिमों तुष्टिकरण कर रही है।
- कांग्रेस ने केवल मुस्लिमों के लिए विशेष अस्पताल बनाने का दावा किया है। इसमें हिंदुओं, सिखों और बाकी अन्य धर्मों के लोगों का प्रवेश निषेध होगा
इस दावे की पड़ताल के लिए हमने तेलंगाना कांग्रेस द्वारा जारी किए गए 2018 के चुनावी घोषणापत्र को खंगाला। हमें घोषणापत्र में ऐसा कहीं भी लिखा नहीं मिला जहां केवल मुस्लिमों के लिए विशेष अस्पताल बनाए जाने की बात की गई हो। घोषणापत्र में अल्पसंख्यक बाहुल्य क्षेत्र में सरकारी अस्पतालों का निर्माण कराए जाने की बात कही गई थी।

- मस्जिद और गिरजाघरों में निशुल्क बिजली सप्लाई दी जाएगी
वायरल वीडियो में अर्नब गोस्वामी द्वारा कहा गया है कि तेलंगाना कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में केवल मस्जिद और गिरजाघरों में फ्री बिजली सप्लाई देने का वादा किया है।
सच्चाई:
तेलंगाना कांग्रेस के 2018 के चुनावी घोषणापत्र के अनुसार, मंदिर, मस्जिद, गिरजाघर समेत सभी धार्मिक स्थलों पर निशुल्क बिजली सप्लाई देने की बात कही गई थी। ‘धार्मिक विषयों’ की कैटगरी में कहीं भी यह नहीं लिखा है कि केवल मस्जिदों और गिरजाघरों को यह सुविधा मिलेगी। इसमें मंदिर समेत बाकी सभी धार्मिक स्थलों को भी निशुल्क बिजली सप्लाई देने का वादा किया गया है। इसके अलावा, 643 मंदिरों के पुजारियों और कर्मचारियों को दुर्घटना बीमा प्रदान किए जाने का भी वादा भी किया गया था।
- विदेश में पढ़ाई करने हेतु मुस्लिम छात्रों को 20 लाख रुपये का स्कॉलरशिप दिया जाएगा
अर्नब गोस्वामी ने कहा कि कांग्रेस ने तेलंगाना के चुनावी घोषणापत्र में मुस्लिम छात्रों को 20 लाख रुपये की स्पेशल स्कॉलरशिप देने का वादा किया है।
सच्चाई:
तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2018 के घोषणापत्र में विदेशों में पढ़ने के लिए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी, अल्पसंख्यक वर्ग और अन्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को 25 लाख की सहायता देने की बात कही गई थी। इसके अलावा, गरीब अल्पसंख्यक समुदाय से आने वाले छात्रों को बाहर पढ़ने के लिए 20 लाख रुपये की सहायता राशि देने की भी घोषणा की गई थी।

- ऊर्दू को राज्य की दूसरी राजभाषा बनाने का वादा
वायरल वीडियो में अर्नब गोस्वामी ने दावा किया कि कांग्रेस ने ऊर्दू को राज्य की दूसरी राजभाषा बनाने का वादा किया है।
सच्चाई:
यह दावा सही है। तेलंगाना विधानसभा चुनाव 2018 के घोषणापत्र में कांग्रेस ने ऊर्दू को दूसरी राजभाषा बनाए जाने की बात कही थी। घोषणापत्र के मुताबिक, दूसरी राजभाषा के रूप में उर्दू को सख्ती से लागू किया जाएगा। सभी शासनादेश उर्दू में भी जारी किए जाने का वादा किया गया था।

यह भी पढ़ें: कर्नाटक चुनाव में मुद्दा बना म्हादाई जलविवाद क्या सुलझ गया है? पढ़ें यह रिपोर्ट
पड़ताल के दौरान हमें तेलंगाना कांग्रेस द्वारा नवंबर 2018 में किया गया एक ट्वीट मिला। ट्वीट में कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र को लेकर किए जा रहे दावे का खंडन करते हुए इसे फर्जी बताया था।
Conclusion
इस तरह हमारी पड़ताल में स्पष्ट है कि कांग्रेस द्वारा तेलंगाना में हुए 2018 विधानसभा चुनाव के लिए जारी किए गए घोषणापत्र को भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
Result: False
Our Sources
Tweet by Republic TV in November 2018
Congress Manifesto for Telangana Election 2018
Tweet by Telangana Congress in December, 2018
किसी संदिग्ध ख़बर की पड़ताल, संशोधन या अन्य सुझावों के लिए हमें WhatsApp करें: 9999499044 या ई-मेल करें: checkthis@newschecker.in