Fact Check
हैदराबाद के उस्मानिया अस्पताल की तस्वीर को बिहार का बताया गया
क्लेम–
बिहार के कोविड अस्पतालों की ऐसी दुर्गति कि वार्ड में बारिश का पानी भर गया है।
ट्वीट का आर्काइव यहाँ देखा जा सकता है।
बिहार सहित उत्तर भारत में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते कई तटबंध टूट चुके हैं। स्थति ऐसी है कि देश की कई सहायक नदियां उफान पर हैं। जिसके चलते देश के कई राज्य भीषण बाढ़ की चपेट में हैं। एक तरफ पूरा देश कोरोना जैसी महामारी से लड़ रहा है तो वहीं बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा ने लोगों की कमर तोड़ दी है। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि बिहार के एक कोविड अस्पताल में पानी भर गया है और वहां कई मरीज भर्ती भी हैं। बिहार के अस्पतालों की दुर्व्यवस्था बयां करती यह तस्वीर तेजी से सोशल मीडिया में शेयर की जा रही है।
फैक्ट चेक:
सोशल मीडिया में वायरल अस्पताल के वार्ड की तस्वीर को ध्यान से देखने पर पता चलता है कि अस्पताल में भर्ती कुछ मरीजों के बेड भी पानी की चपेट में हैं। दावा है कि यह बिहार का कोविड केयर अस्पताल है। दावे की सत्यता जानने के लिए सबसे पहले गूगल रिवर्स इमेज की सहायता से खोज शुरू की। इस दौरान कई ख़बरों के लिंक खुलकर सामने आये।

बिहार नहीं हैदराबाद के एक अस्पताल की है वायरल तस्वीर
तस्वीर पर कई मीडिया संस्थानों ने खबर प्रकाशित की है। रिवर्स इमेज के दौरान सबसे पहले zee news द्वारा प्रकाशित की गई स्टोरी सामने आयी। खबर को 15 जुलाई को प्रकाशित किया गया है। खबर के मुताबिक वायरल हो रही तस्वीर हैदराबाद के उस्मानिया अस्पताल के एक जनरल वार्ड की है, जहाँ कोरोना मरीजों का इलाज किया जा रहा है। बारिश के चलते अस्पताल में पानी भर गया है।

NDTV ने भी वायरल तस्वीर को हैदराबाद के उस्मानिया अस्पताल का बताया है।

15 जुलाई को ही तेलंगाना कांग्रेस ने भी इसी तस्वीर को ट्वीट करते हुए सरकार पर निशाना साधा है।
हमारी पड़ताल में इतना तो साबित हो चुका था कि वायरल हो रही तस्वीर बिहार की ना होकर हैदराबाद के उस्मानिया अस्पताल के कोरोना वार्ड की है। लेकिन बारिश से बिहार के अस्पतालों का भी सच जानना जरूरी था लिहाजा कुछ कीवर्ड्स के माध्यम से खोजने पर कई खबरों के लिंक मिले जिनमें पुल टूटने से लेकर अस्पतालों में पानी भरने की कई खबरें सामने आयी।

नवभारत टाइम्स हिंदी की खबर के मुताबिक सुपौल जिले के कोविड केयर अस्पताल में पानी भर गया है। वहां डॉक्टर ठेले पर बैठकर जाने को मजबूर हैं।
पड़ताल के दौरान न्यूज़ 18 का भी एक वीडियो मिला जिसमें बाढ़ के चलते अस्पताल में पानी भर जाने की बात की गई है।
पड़ताल के दौरान ABP न्यूज़ की एक वीडियो क्लिप मिली। ग्राउंड रिपोर्टिंग के जरिये यह बताया गया है कि बिहार में बाढ़ के चलते लोग पलायन करने को मजबूर हैं।
हमारी पड़ताल में यह साफ़ हो गया कि जिस तस्वीर को बिहार के अस्पताल का बताकर सोशल मीडिया में शेयर किया जा रहा है वास्तव में वह तस्वीर हैदराबाद के एक अस्पताल की है जहां बाढ़ के चलते वार्ड में पानी भर गया है। हमारी पड़ताल में वायरल दावा भ्रामक साबित हुआ।
Sources
Media Reports
Google Search
Result- Misleading
(किसी संदिग्ध ख़बर की पड़ताल, संशोधन या अन्य सुझावों के लिए हमें WhatsApp करें: 9999499044 या ई-मेल करें: checkthis@newschecker.in)