Fact Check
पटना में पीएम मोदी द्वारा साल भर पहले की गई रैली की तस्वीर को मौजूदा चुनाव से जोड़कर किया गया शेयर
सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि पटना में पीएम मोदी की रैली में उमड़ी भीड़ देखकर लोग सोशल डिस्टेंसिंग का रोना रो रहे हैं।
पीएम मोदी की मौजूदा बिहार रैली का बताकर एक तस्वीर वायरल है। बिहार चुनाव की सरगर्मियां अपने चरम पर हैं। कोरोना काल में भी नेताओं को सुनने के लिए कई इलाकों में भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी भीड़ को लेकर एक दावा तेजी से शेयर किया जा रहा है। रैली में उमड़ी भीड़ के एक चित्र के साथ दावा किया गया है कि यह तस्वीर मोदी की रैली में उमड़ी भीड़ की है। विपक्षी दल इतनी भीड़ देखकर सोशल डिस्टेंसिंग का रोना रो रहे हैं जबकि काफी दिनों से तेजस्वी यादव की भीड़ देखकर चुप्पी साधे हुए थे। वायरल दावे का आर्काइव यहाँ देखा जा सकता है। वायरल तस्वीर ट्विटर पर भी तेजी से शेयर हो रही है।
Fact Check/Verification
चुनावों के दौरान अक्सर राजनैतिक दलों द्वारा एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाए ही जाते हैं। कई बार ऐसे ही आरोपों के बीच कुछ फेक ख़बरें भी शेयर की जाती हैं। बिहार चुनाव को लेकर सोशल मीडिया में कई फेक ख़बरें/दावे शेयर किये जा रहे हैं। इसी बीच एक तस्वीर वायरल है। तस्वीर को मौजूदा विधानसभा चुनाव से जोड़कर शेयर किया गया है। लेकिन वायरल तस्वीर को बारीकी से देखने पर पता चलता है कि भीड़ में मौजूद किसी भी व्यक्ति ने चेहरे पर मास्क नहीं लगाया है लिहाजा इस तस्वीर के पुराना होने की आशंका हुई। तस्वीर कब की है और इसका बिहार में चल रहे चुनाव से कोई वास्ता है भी इसकी तस्दीक के लिए गूगल रिवर्स इमेज की सहायता ली। खोज के दौरान कई मीडिया रिपोर्ट्स सामने आई। रिपोर्ट्स को पढ़ने के बाद पता चला कि वायरल हो रही तस्वीर करीब एक साल पुरानी है।


बिहार चुनाव को लेकर किये गए फेक दावे का फैक्ट यहाँ पढ़ा जा सकता है।
जिस तस्वीर को मौजूदा बिहार चुनाव का बताकर शेयर किया गया है वह तस्वीर पीएम मोदी की आधिकारिक वेबसाइट पर साल 2019 में अपलोड की गई है। वेबसाइट पर प्रकाशित की गई तस्वीर को NDA की रैली का बताया गया है साथ ही यह रैली पटना के गाँधी मैदान में पिछले साल 3 मार्च को आयोजित की गई थी इस बात का भी जिक्र किया गया है।

वायरल तस्वीर का बिहार चुनाव से कोई वास्ता नहीं है यह बात साफ़ हो चुकी थी। तस्वीर की ज्यादा जानकारी के लिए कुछ कीवर्ड्स का प्रयोग करने पर एक यूट्यूब वीडियो मिला। इस वीडियो में भी वायरल तस्वीर की झलकियां देखी जा सकती हैं।
बिहार में मौजूदा विधानसभा चुनाव को लेकर पीएम मोदी ने कब और कहाँ रैली की है इसकी पड़ताल के लिए कुछ कीवर्ड्स का प्रयोग करते हुए गूगल खंगालना शुरू किया। इस दौरान पता चला कि पिछले दिनों मोदी ने सासाराम में रैली की थी। इस रैली में जुटी भीड़ में अधिकतर लोगों ने अपने चेहरे पर मास्क लगाया हुआ है।
Conclusion
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीर साल 2019 की है। इस तस्वीर का बिहार के मौजूदा विधानसभा चुनाव से कोई सम्बन्ध नहीं है।
Result- Misplace Context
Sources- DD News
Narendramodi.in- https://www.narendramodi.in/man/pm-modi-addresses-nda-rally-at-patna-bihar-3-march-2019-54379
किसी संदिग्ध ख़बर की पड़ताल, संशोधन या अन्य सुझावों के लिए हमें WhatsApp करें: 9999499044 या ई-मेल करें:checkthis@newschecker.in