Fact Check
पुलिस के सामने हाथ जोड़कर मिन्नतें करता यह व्यक्ति नहीं है पूर्व संसद सदस्य, सोशल मीडिया पर वीडियो के साथ शेयर किया गया भ्रामक दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक शख्स को पुलिस के सामने लाचार होकर गिड़गिड़ाते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि यह शख्स एक अपराधी है जो कभी पूर्व में बसपा पार्टी से सांसद हुआ करता था। लेकिन अब यूपी पुलिस की डायरेक्ट एनकाउंटर वाली छवि से डरकर इसने स्वयं सरेंडर कर दिया।

वायरल पोस्ट का लिंक यहाँ देखें।
सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट को कई अन्य यूज़र्स द्वारा शेयर किया गया है।


Fact Check / Verification
यूपी में एक के बाद एक ताबड़तोड़ कई कथित एनकाउंटर हुए। सरकार के मुताबिक सूबे में अपराधियों और बाहुबलियों के भीतर पुलिस का डर बैठ गया है। एक तरफ जहां योगी सरकार कई बाहुबलियों के गैरकानूनी संपत्तियों को नष्ट करने में लगी है तो वहीँ कथित रूप से एक पूर्व सांसद को पुलिस के क़दमों में बैठा हुआ देखा जा सकता है। दावा किया गया है कि पुलिस के सामने सरेंडर करने वाला शख्स बसपा पार्टी से पूर्व सांसद था। दावे की सत्यता जानने के लिए हमने अपनी पड़ताल आरम्भ की।
पड़ताल के दौरान हमने सबसे पहले वायरल वीडियो को कुछ कीफ्रेम्स में बदला। इसके बाद गूगल पर रिवर्स इमेज टूल के माध्यम से खोजना शुरू किया। इस दौरान हमें वायरल वीडियो की एक तस्वीर आज तक की वेबसाइट पर 27 सितंबर साल 2020 को छपे एक लेख में मिली।

लेख के मुताबिक यह घटना यूपी के संभल जिले के नखासा थाना क्षेत्र की है। जहां सितंबर साल 2020 में ‘नईम’ नाम के एक गैंगस्टर ने संभल पुलिस के सामने हाथ जोड़कर सरेंडर किया था।
प्राप्त लेख में कहीं भी इस बात का जिक्र नहीं किया गया है कि यह शख्स कभी पूर्व में सांसद भी रहा है। इसके साथ ही खोज के दौरान हमें अमर उजाला की वेबसाइट पर भी 28 सितंबर साल 2020 को इस मामले पर छपी एक रिपोर्ट मिली। यहाँ भी बताया गया है कि यह एक वांछित आरोपी था।
जिसपर गैंगेस्टर और गोहत्या जैसे कई संगीन मामले दर्ज थे। साथ ही बताया गया है कि इस आरोपी पर पुलिस ने 15000 रुपए का इनाम भी रखा था। लेकिन यहाँ भी इस आरोपी के पूर्व सांसद होने की कोई जानकारी नहीं दी गयी है।

इसके साथ ही हमें अमर उजाला के यूट्यूब चैनल पर भी इस मामले का एक वीडियो मिला। लेकिन यहाँ भी आरोपी के पूर्व सांसद होने की कोई जानकारी नहीं दी गयी है।
प्राप्त तथ्यों की पुष्टि के लिए हमने नखासा पुलिस थाने में तैनात इंस्पेक्टर धर्मपाल सिंह से भी सीधी बात की। इस दौरान उन्होंने वायरल तस्वीर में दिख रहे व्यक्ति के बारे में किए जा रहे दावे को गलत बताया।
इसके बाद हमने यह जानने के लिए गूगल पर खोजा कि क्या अभी हाल ही में किसी पूर्व बसपा सांसद ने सरेंडर किया है? अमर उजाला की रिपोर्ट से हमें पता चला कि पूर्व बसपा सांसद धनंजय सिंह ने प्रयागराज में सरेंडर किया था।

Conclusion
पड़ताल के दौरान प्राप्त तथ्यों से पता चला कि वायरल दावा गलत है। पुलिस के सामने लाचार होकर सरेंडर करने वाला शख्स बसपा पार्टी का पूर्व सांसद नहीं है। वह सिर्फ एक अपराधी था जिसपर गोहत्या और गैंगेस्टर जैसे संगीन मामले दर्ज थे।
Result – Misleading
Our Sources
https://www.youtube.com/watch?v=X3xu-R0Y05s
किसी संदिग्ध ख़बर की पड़ताल, संशोधन या अन्य सुझावों के लिए हमें WhatsApp करें: 9999499044 या ई-मेल करें: checkthis@newschecker.in