Fact Check
Weekly Wrap: बीते हफ्ते की टॉप 5 फर्ज़ी खबरों के फैक्ट चेक जो आपको जानना जरूरी हैं
बीते हफ्ते फेक न्यूज़ के बाजार में यूक्रेन की वापसी हई. यूक्रेन में हाल ही में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में देश के गृहमंत्री सहित कई लोगों की मौत हो गई थी. इसी से जोड़ते हुए हेलीकॉप्टर क्रैश का एक पुराना वीडियो वायरल हुआ. इसके अलावा नेपाल विमान हादसे का बताकर एक 9 साल पुराना वीडियो शेयर किया जाने लगा. एक चौंकाने वाले वीडियो में एक बच्ची पतंग के साथ हवा में उड़ती नजर आई. भ्रामक दावा किया गया कि यह अहमदाबाद का वीडियो है. इसी तरह कुछ और भी फर्जी ख़बरें पिछले हफ्ते वायरल हुईं, जिन्होंने हमारी हफ्ते के टॉप 5 में जगह बनाई.

पाकिस्तान का झंडा लगाने के कारण नहीं तोड़ी गई प्रयागराज की ये मस्जिद, भ्रामक पोस्ट वायरल
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें किसी मस्जिद पर बुलडोजर चलते हुए नजर आ रहा है. दावा हुआ कि प्रयागराज में एक मस्जिद पर पाकिस्तान का झंडा लगाया गया, जिसके बाद योगी प्रशासन ने मस्जिद को ढहा दिया. हमारी पड़ताल में दावा गलत निकला. मस्जिद को सड़क चौड़ी करने के लिए तोड़ा गया था. पूरी खबर यहां पढ़ी जा सकती है.

तेज ठंड के चलते राजस्थान में जम गया ट्यूबवेल का पानी? यहां पढ़ें वायरल वीडियो का सच
उत्तर भारत में प्रचंड सर्दी का सितम अभी जारी है. इसी बीच एक वीडियो भी वायरल है, जिसमें एक पाइप से बर्फ निकलती देखी जा सकती है. वीडियो को हाल फिलहाल का बताते हुए अलग-अलग दावे हो रहे हैं. कोई इसे राजस्थान का बता रहा है तो कोई छत्तीसगढ़ का. लेकिन जब Newschecker ने जांच की तो यह वीडियो चार साल से ज्यादा पुराना निकला.

अहमदाबाद का नहीं है पतंग की डोर में फंसी बच्ची का यह वायरल वीडियो
हाल ही में भारत के अलग-अलग हिस्सों में पतंग उड़ाने के त्योहार मनाए गए. इसी के मद्देनजर एक वीडियो के साथ दावा हुआ कि अहमदाबाद में छोटी बच्ची पतंग के साथ हवा में उड़ गई. लेकिन खोजने पर सामने आया कि दावा गलत है क्योंकि यह दो साल पुराना ताइवान का वीडियो है. पूरी खबर यहां पढ़ी जा सकती है.

नेपाल विमान हादसे का नहीं है यह वायरल वीडियो
नेपाल में हाल ही में हुए भयानक विमान हादसे की खबरें आपके सामने जरूर आई होंगी. इसी हादसे का बताकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें एक विमान हवा से जमीन पर गिरते देखा जा सकता है. सच यह है कि वीडियो का नेपाल विमान हादसे से कोई संबंध नहीं है और यह सालों पुराना वीडियो है. पूरी खबर यहां पढ़ी जा सकती है.

यूक्रेन में हुई हालिया हेलीकॉप्टर दुर्घटना का नहीं है यह वीडियो, भ्रामक दावा वायरल
यूक्रेन में हुए हेलीकॉप्टर दुर्घटना से जोड़कर भी एक भ्रामक पोस्ट वायरल हुआ. हेलीकॉप्टर क्रैश को दिखाते एक वीडियो के साथ दावा हुआ कि यह वही हेलीकॉप्टर है जिसके दुर्घटनाग्रस्त होने से यूक्रेन के गृहमंत्री सहित 16 लोग मारे गए. जबकि सच यह है कि वीडियो 2014 में रूस में आयोजित हुए एक एयर शो का है जिसमें एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. पूरी खबर यहां पढ़ी जा सकती है.
किसी संदिग्ध ख़बर की पड़ताल, संशोधन या अन्य सुझावों के लिए हमें WhatsApp करें: 9999499044 या ई-मेल करें: checkthis@newschecker.in