Fact Check
सिनेमाघर की खाली कुर्सियों और पुराने वीडियोज के जरिए ‘पठान’ के फ्लॉप होने का फर्जी दावा वायरल
हाल ही में रिलीज़ हुई ‘पठान’ फिल्म के बुरे प्रदर्शन का दावा करते हुए कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं. 25 जनवरी, 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई ‘पठान’ को बहिष्कार का दंश झेलना पड़ रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, फिल्म की शुरूआती कमाई से यह पता चलता है कि दर्शक फिल्म देखने के लिए सिनेमाघर पहुंच रहे हैं. ऐसे में बहिष्कार कैंपेन का हिस्सा रहे यूजर्स शाहरुख खान अभिनीत फिल्म के औसत प्रदर्शन का दावा कर रहे हैं. इसी क्रम में यूजर्स कुछ तस्वीरें और वीडियो शेयर कर यह दावा कर रहे हैं कि ‘पठान’ फिल्म बुरी तरह फ्लॉप हो गई है.
Fact Check/Verification
पहला दावा: उत्तर प्रदेश में ‘पठान’ फिल्म के लिए सिनेमाघरों की सीटें खाली होने के दावे के साथ शेयर की जा रही तस्वीर की पड़ताल
उत्तर प्रदेश में ‘पठान’ फिल्म के लिए सिनेमाघरों में सीटें खाली होने के दावे के साथ शेयर की जा रही तस्वीर की पड़ताल के लिए हमने इसे गूगल समेत कई अन्य सर्च इंजनों पर ढूंढा. इस प्रक्रिया में हमें यह जानकारी मिली कि यह एक स्टॉक इमेज है, जो कि साल 2019 से ही इंटरनेट पर मौजूद है.

Yo Vizag और MIRCHI9 द्वारा साल 2020 में प्रकाशित लेखों में भी यह तस्वीर मौजूद है. इसके अतिरिक्त, वायरल तस्वीर Freepik नामक स्टॉक फोटोग्राफी वेबसाइट पर भी मिली.
दूसरा दावा: फिल्म देखकर निकल रही महिला ने ‘पठान’ को बताया बकवास
‘पठान’ देखकर निकल रही महिला द्वारा फिल्म को बकवास बताए जाने के नाम पर शेयर किए जा रहे इस वीडियो की पड़ताल के दौरान हमें Filmi Fever नामक यूट्यूब चैनल द्वारा 9 सितंबर, 2022 को प्रकाशित एक वीडियो प्राप्त हुआ. वीडियो में ब्रह्मास्त्र फिल्म देखकर सिनेमाघर से बाहर निकल रहे दर्शकों की प्रतिक्रिया पूछी गई है. गौरतलब है कि वीडियो में 3 मिनट 13 सेकंड के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा हिस्सा देखा जा सकता है.
तीसरा दावा: ‘पठान’ का रिव्यू कर रहे यूट्यूबर ने फिल्म को दोयम दर्जे का बताया
‘पठान’ का रिव्यू कर रहे यूट्यूबर द्वारा फिल्म को दोयम दर्जे का बताए जाने के नाम पर शेयर किए जा रहे इस दावे की पड़ताल के दौरान हमें Bollywoodwallah नामक यूट्यूब चैनल द्वारा 11 मार्च, 2021 को प्रकाशित एक वीडियो प्राप्त हुआ, जिसमें Sonup Sahadevan नामक कंटेंट क्रिएटर ने रूही फिल्म की समीक्षा की थी. वीडियो में 2 मिनट 29 सेकंड के बाद वायरल हिस्सा देखा जा सकता है.
Conclusion
इस प्रकार हमारी पड़ताल में यह बात साफ हो जाती है कि बॉक्स ऑफिस पर ‘पठान’ के बुरे प्रदर्शन तथा यूट्यूबर द्वारा फिल्म को दोयम दर्जे का बताए जाने के नाम पर शेयर किए जा रहे ये तीनों ही दावे भ्रामक हैं. असल में उपरोक्त वीडियो और तस्वीर पिछले कई सालों से इंटरनेट पर मौजूद हैं, जबकि ‘पठान’ फिल्म 25 जनवरी, 2023 को रिलीज़ हुई है.
Result: Partly False
Our Sources
Freepik
YouTube video published by Filmi Fever on 9 September, 2022
YouTube video published by Bollywoodwallah on 11 March, 2021
किसी संदिग्ध ख़बर की पड़ताल, संशोधन या अन्य सुझावों के लिए हमें WhatsApp करें: 9999499044 या ई-मेल करें: checkthis@newschecker.in